Monday, October 19, 2015

'' ऐसी आग भरो ! '' नामक गीत , स्व. कवि श्रीकृष्ण शर्मा के गीत - संग्रह - '' बोल मेरे मौन '' से लिया गया है -









कोई ऐसी बात कहो जो हास जगाए , पुलक बिखेरे ! 
कोई ऐसा काम करो जो बंधन चटकें , टूटें घेरे !!

कुम्हलाए उदास चेहरों पर 
है कितनी मायूसी छाई ,
चिन्ताओं ने है ललाट पर 
गहरी वक्र लकीर बनाई ;

गाज गिरी हो ऐसा मन है ,
डसा साँप ने जैसा तन है ,
कोई मरा पड़ा हो ऐसा 
हुआ मातमी घर - आँगन है ;

सब अपने - अपने में खोए 
बीहड़ जंगल सिर पर ढोए ;

कोई ऐसी आग भरो , दुख  - ताप जलें , उजलाय सवेरे !
कोई ऐसी बात कहो जो हास जगाए , पुलक बिखेरे !!


                                                              - श्रीकृष्ण शर्मा 

_______________________________________________
पुस्तक - '' बोल मेरे मौन ''  ,  पृष्ठ - 84

 सुनील कुमार शर्मा  
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867



No comments:

Post a Comment