गुनहगार है चाँद , कि जिसने स्वप्न मुझे दे डाले
उससे ज्यादा गुनहगार मैं , लगा न पाया ताले।
गीत बड़े ही चोर कि मन की गाँठ खोल लेते हैं
गोपन रख पाते न प्राण में ,सभी बोल देते हैं ,
मेरी कमजोरी के हैं ये लगे हुए परनाले ,
करें उजागर कलुष कि मैंने ऐसे दीपक वाले।
गुनहगार है चाँद , कि जिसने स्वप्न मुझे दे डाले ,
उससे ज्यादा गुनहगार मैं , लगा न पाया ताले।
यह कलमुँही रात फिर कैसे बन ठन करके आयी ,
साथ चाँदनी के फिर लौटी गयी हुई परछाँई ,
अन्धी बहरी नींद बुन रही इन्द्रधनुष के जाले ,
उलझ गये हैं छाया छवि में मन के साये काले।
गुनहगार है चाँद , कि जिसने स्वप्न मुझे दे डाले
उससे ज्यादा गुनहगार मैं , लगा न पाया ताले।
दूर पहाड़ी पर वह बादल अब थक कर सोता है ,
सन्नाटे में कोई आवारा कुत्ता रोता है ,
उचट रहा जी , कोई देगा क्या हाथों के झाले ?
उजड़ी राह चल रहा , कोई कब तक भला सँभाले ?
गुनहगार है चाँद , कि जिसने स्वप्न मुझे दे डाले
उससे ज्यादा गुनहगार मैं , लगा न पाया ताले।
- श्रीकृष्ण शर्मा
( कृपया इसे पढ़ कर अपने विचार अवश्य लिखें | आपके विचारों का स्वागत है | धन्यवाद | )
___________________________________________________________________
पुस्तक - '' एक अक्षर और '' , पृष्ठ - 36
सुनील कुमार शर्मा
पुत्र – स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867