( कहते हैं ' सावन की झरन , भादौं की भरन ', किन्तु भादौं सूखी गयी । पानी नहीं बरसा । परन्तु वर्ष के अन्तिम दिन ३१ दिसम्बर २००० की रात में अच्छी वर्षा हुई । फलस्वरूप यह रचना लिखी गई )
आज हवा कुछ सीली - सी है ,
धरती गीली है ,
लगा
विदा के वक्त
वर्ष की आँख पनीली है ।
कुछ दिन पहले
जेठ लिये था
हाथों जलती हुई लुकाठी ,
तार - तार की
छाँह गदीली
मार - मार किरनों की सौटी ,
लगा
रेत से बतियाने में ,
भादौं भूली
चूल्हे रक्खी हुई पतीली है ।
देखा मैंने
शाम - शाम को
आसमान में कुछ कपास थी ,
पर उम्मीद न थी ,
पानी से ,
जीवित छन्दों के छपास की ,
सुबह हुई
साँसें गन्धायीं
लगा तृषित माटी ने
रात वारुणी पी ली है ।
- श्रीकृष्ण शर्मा
( कृपया इस नवगीत को पढ़ कर अपने विचार अवश्य लिखें | आपके विचारों का स्वागत है | धन्यवाद | )
___________________________________________________________________
पुस्तक - '' एक अक्षर और '' , पृष्ठ - 27
sksharmakavitaye.blogspot.in
shrikrishnasharma.wordpress.com
सुनील कुमार शर्मा
पुत्र – स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867