Monday, October 12, 2015

'' बदली की तबियत '' नामक गीत , कवि स्व . श्रीकृष्ण शर्मा के गीत - संग्रह - बोल मेरे मौन '' से लिया गया है -









नभ में उड़ती हुई समुद्री मछली । 
आग लिये बदली की तबियत बदली । । 

इसकी आँखों में कुछ सब कहते सावन ,
इसकी पाँखों में कुछ जो सबसे पावन ,
इसके प्राणों में कुछ जिसको पा पुलकित ,
होता आकुल - व्याकुल धरती का कन - कन ;

अपना सब कुछ लुटा रही ये पगली । 
आग लिये बदली की तबियत बदली । । 


                                              - श्रीकृष्ण शर्मा 

_____________________________

पुस्तक - '' बोल मेरे मौन ''  ,  पृष्ठ - 64

सुनील कुमार शर्मा  
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867


Sunday, October 11, 2015

'' स्याह अँधेरा '' नामक गीत , कवि स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा के गीत - संग्रह - '' बोल मेरे मौन '' से लिया गया है -









फैला कितना स्याह अँधेरा ?

सुबह गुलाबी ,
था उजला दिन ,
साँझ सुनहरी ,
हँसता पल - छिन ,

चहल - पहल थी 
उत्सव - जैसी ,
कोलाहल 
मेले का जामिन ;

पर अब तो कमबख्त 
अकेलेपन औ ' सन्नाटे ने घेरा । 

फैला कितना स्याह अँधेरा ?


                                      - श्रीकृष्ण शर्मा 

___________________________

पुस्तक - '' बोल मेरे मौन ''  ,  पृष्ठ - 61

सुनील कुमार शर्मा  
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867


Saturday, October 10, 2015

'' प्यास उड़ रही '' नामक गीत स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा के गीत - संग्रह - '' बोल मेरे मौन '' से लिया गया है -









आवाजें खो गयीं ,
रह गया केवल खालीपन । 

मौन हो गये नदिया के स्वर ,
झरने हैं निःस्वन ,
सूख गये आँखों के आँसू ,
मन का गीलापन ;

प्यास उड़ रही डैने खोले ,
पेड़ खड़े उन्मन 
आसमान है बुझा - बुझा - सा 
फूटा जल - दर्पण ;

लगता है दुर्भिक्ष करेगा ,
भू का चीर - हरण । 

आवाजें खो गयीं ,
रह गया केवल खालीपन । 


                                 - श्रीकृष्ण शर्मा 

_________________________

 * पुस्तक - '' बोल मेरे मौन '' पृष्ठ - 85

 * सुनील कुमार शर्मा
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867


Friday, October 9, 2015

'' कुछ कहते हैं '' नामक गीत , स्व. श्रीकृष्ण शर्मा के गीत - संग्रह - '' बोल मेरे मौन '' से लिया गया है -









कुछ कहते हैं गीत मर गया । । 

कोरी भावुकता में जन्मा ,
एक फूल वृन्त से झर गया । 
कुछ कहते हैं गीत मर गया । । 

भाव लिजलिजे , छन्द पुराने ,
उपमा औ ' उपमान रूढ़ थे ,
जो कि काल्पनिक दुख में खोया ,
जिसके सब निहितार्थ गूढ़ थे ;

गुमसुम औ ' उदास पीड़ा का ,
थकी और हारी व्रीड़ा का ,

था पालित - शापित बेटा जो ,
आँसू - सा चुपचाप ढर गया । 
कुछ कहते हैं गीत मर गया । । 


                                    - श्रीकृष्ण शर्मा 

__________________________
पुस्तक - '' बोल मेरे मौन ''  ,  पृष्ठ - 70

सुनील कुमार शर्मा
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867


Thursday, October 8, 2015

'' बोल मेरे मौन '' नामक गीत , गीत - संग्रह - '' बोल मेरे मौन '' से लिया गया है -









बोल मेरे मौन ,
मेरी याचना हारी ,
मगर हिमवान ज्यों का त्यों । 

ज्योति मेरी मौन ,
मेरी अर्चना हारी ,
मगर पाषाण ज्यों का त्यों । 

सृष्टि मेरी मौन ,
मेरी सर्जना हारी ,
मगर वीरान ज्यों का त्यों । 

ज्ञान मेरा मौन ,
मेरी कल्पना हारी ,
मगर इंसान ज्यों का त्यों । 

मौत जैसा मौन ,
लगता चेतना हारी ,
मगर जाग्रत अभी है 
कलम का ईमान ज्यों का त्यों । 


                                    - श्रीकृष्ण शर्मा 

_________________________
पुस्तक - '' बोल मेरे मौन ''  ,  पृष्ठ - 81

सुनील कुमार शर्मा
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867


Wednesday, October 7, 2015

'' मुझे क्षमा कर देना '' - नामक गीत , गीत - संग्रह - '' बोल मेरे मौन '' से लिया गया -









तुम्हें न अच्छी बात लगे तो ,
मुझे क्षमा कर देना , साथी !!

मेरे मन में जो भी आया 
वह मैंने तुमसे कह डाला ,
सुख - दुख दर्द - पीर जो भोगी 
जो कुछ मैंने देखा - भाला ;

हम सब हैं हमराह यहाँ पर 
राह कटेगी कह - सुनकर ही ,
भला खीजने से क्या होगा 
ख़ुशी मिलेगी हँस - गाकर ही ;

जब अँधियारा गहराये तो ,
दीप एक धर देना , साथी !

तुम्हें न अच्छी बात लगे तो ,
मुझे क्षमा कर देना , साथी !!


                                      - श्रीकृष्ण शर्मा 

__________________________
पुस्तक - '' बोल मेरे मौन ''  ,  पृष्ठ - 69

सुनील कुमार शर्मा  
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867


Tuesday, October 6, 2015

'' मृत्यु से '' - नामक लिया गया गीत -'' बोल मेरे मौन '' ( गीत - संग्रह ) से -









कस दिये आज किसने ये बन्धन ,
बन्द अब हो चली दिल की धड़कन !

कौन पारस लिये मिल गयीं तुम ,
देह तुमको बनी छू के कंचन !

बाँह किसने मुझे दी वहाँ पर 
छोड़ बैठी जहाँ साँस दामन !

कैसा जादू कि जब तुमको देखा ,
बन गया खुद - ब - खुद एक दर्पण !


                                          -  श्रीकृष्ण शर्मा 

____________________________

पुस्तक - '' बोल मेरे मौन ''  ,  पृष्ठ - 88

सुनील कुमार शर्मा  
पुत्र –  स्व. श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867